मुंबई के प्रीमियम इलाके में सुष्मिता सेन की स्मार्ट डील, किराये से होगी लाखों की मोटी कमाई

बॉलीवुड सितारे सिर्फ फिल्मों और वेब सीरीज से ही नहीं, बल्कि रियल एस्टेट निवेश से भी शानदार कमाई करते हैं। इसी कड़ी में अब अभिनेत्री सुष्मिता सेन का नाम भी जुड़ गया है। सुष्मिता सेन ने मुंबई के एक प्रीमियम लोकेशन पर स्थित अपने आलीशान अपार्टमेंट को भारी-भरकम किराये पर देकर एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि वह प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ फाइनेंशियल प्लानिंग में भी काफी आगे हैं।

लेटेस्ट रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुष्मिता सेन और उनकी मां सुभ्रा सेन ने मुंबई के गोरेगांव इलाके में स्थित अपने लग्जरी अपार्टमेंट को तीन साल के लिए लीज पर दिया है। इस डील से उन्हें कुल 73.76 लाख रुपये की रेंटल इनकम होगी। यह जानकारी रियल एस्टेट फर्म स्क्वायर यार्ड्स की रिपोर्ट के जरिए सामने आई है, जिसमें प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेजों का भी जिक्र किया गया है।

कहां स्थित है सुष्मिता सेन का यह अपार्टमेंट?

यह लग्जरी फ्लैट मुंबई के गोरेगांव में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के पास स्थित एक हाई-राइज रेजिडेंशियल बिल्डिंग ओबेरॉय एक्सक्विजिट की 12वीं मंजिल पर है। अपार्टमेंट का कुल एरिया करीब 1,241 स्क्वायर फीट बताया जा रहा है, जो इस इलाके के लिहाज से काफी प्रीमियम माना जाता है।

रिपोर्ट के अनुसार, यह फ्लैट 26 फरवरी 2026 को रजिस्टर हुआ और इसे पूजा येओले को किराये पर दिया गया है। एग्रीमेंट में दो तय पार्किंग स्पेस भी शामिल हैं, जो मुंबई जैसे शहर में एक बड़ी सुविधा मानी जाती है। इसके अलावा किरायेदार से 6 लाख रुपये का रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट भी लिया गया है।

हर साल बढ़ेगा किराया

इस तीन साल की लीज डील में किराये का स्ट्रक्चर भी काफी दिलचस्प है। पहले साल फ्लैट का मंथली रेंट 1.95 लाख रुपये तय किया गया है। दूसरे साल इसमें करीब 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी और किराया बढ़कर 2.04 लाख रुपये प्रति माह हो जाएगा। वहीं तीसरे और आखिरी साल में किराया और बढ़कर 2.14 लाख रुपये प्रति माह पहुंच जाएगा। इस तरह पूरे 36 महीनों में सुष्मिता सेन को कुल 73.76 लाख रुपये की रेंटल इनकम होगी।

दस्तावेजों के मुताबिक, इस ट्रांजैक्शन के लिए करीब 18,900 रुपये की स्टांप ड्यूटी और 1,000 रुपये का रजिस्ट्रेशन चार्ज भी अदा किया गया है। स्क्वायर यार्ड्स का मानना है कि पिछले कुछ वर्षों में गोरेगांव और आसपास के इलाकों में इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और अर्बन लाइफस्टाइल के चलते डिमांड तेजी से बढ़ी है, खासतौर पर एंटरटेनमेंट और बिजनेस से जुड़े लोगों के बीच।

प्रोफेशनल लाइफ में भी रही हैं चर्चा में

वर्क फ्रंट की बात करें तो सुष्मिता सेन ने हाल के सालों में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जबरदस्त वापसी की है। वेब सीरीज आर्या और ताली में उनकी दमदार एक्टिंग को खूब सराहा गया। खासकर ‘आर्या’ में उनके किरदार ने उन्हें एक बार फिर इंडस्ट्री में मजबूत पहचान दिलाई।

गौरतलब है कि सुष्मिता सेन ने साल 1994 में मिस यूनिवर्स का खिताब जीतकर भारत का नाम दुनिया भर में रोशन किया था। आज, अभिनय के साथ-साथ उनकी रियल एस्टेट डील्स भी सुर्खियों में हैं, जो यह दिखाती हैं कि वह हर मोर्चे पर बेहद समझदारी से फैसले लेती हैं।

कुल मिलाकर, मुंबई की प्रीमियम लोकेशन पर किया गया यह रेंटल सौदा सुष्मिता सेन के लिए एक मजबूत और स्थिर इनकम सोर्स साबित होने वाला है, और यह एक बार फिर बताता है कि बॉलीवुड सेलेब्स क्यों रियल एस्टेट को सुरक्षित निवेश मानते हैं।

T20 World Cup 2026: चैंपियन पर होगी पैसों की बारिश, विजेता से लेकर सेमीफाइनलिस्ट तक सबको मिलेगा बड़ा इनाम

Back To Top